देश की खबरें | बीआरएस न तो विपक्षी गठबंधन के साथ और न ही राजग के साथ: तेलंगाना के मुख्यमंत्री

हैदराबाद, दो अगस्त भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी न तो विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के साथ है और न ही भाजपा के नेतृत्व वाले सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ।

राव ने यह घोषणा मंगलवार को अपने महाराष्ट्र दौरे के दौरान की।

मंगलवार देर रात यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “बीआरएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.चंद्रशेखर राव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ या राजग दोनों में से किसी के साथ नहीं है। बीआरएस अकेली नहीं है, वह अपने दोस्तों के साथ है।”

राव ने कहा, “ ‘न्यू इंडिया’ क्या है? उन्होंने 50 साल से अधिक समय तक देश पर शासन किया और कोई बदलाव नहीं हुआ।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बेहतरी के लिए बदलाव होना चाहिए।

महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियों पर उन्होंने कहा कि बीआरएस विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक समितियों का गठन कर रहा है और चुनावी बिगुल बजा दिया गया है। पार्टी ने 14.10 लाख कार्यकर्ताओं की एक ब्रिगेड बनाई है और उन्होंने पश्चिमी राज्य में जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है।

उन्होंने महाराष्ट्र में दलितों के लगातार संघर्ष पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समुदाय के साथ अन्याय हुआ है। मंगलवार को महाराष्ट्र की अपनी यात्रा के दौरान राव ने कहा कि वह प्रसिद्ध मराठी कवि और समाज सुधारक अन्नाभाऊ साठे को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)