नागपट्टिनम (तमिलनाडु), तीन मार्च तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने युवाओं को शादी के तुरंत बाद बच्चे पैदा करने की सलाह दी और कहा कि अधिक जनसंख्या अधिक संसदीय सीटें पाने का मानदंड प्रतीत होती है।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष स्टालिन ने एक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कई साल पहले नवविवाहितों को सलाह दी जाती थी कि वे शादी के तुरंत बाद बच्चे पैदा न करें।
उन्होंने कहा कि हालांकि, अब यह सलाह नहीं दी जानी चाहिए और इसकी कोई जरूरत भी नहीं है। स्टालिन ने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि अब ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि अधिक जनसंख्या होने पर ही अधिक सांसद सुनिश्चित होंगे क्योंकि परिसीमन की प्रक्रिया जनसंख्या के आधार पर होगी।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ने जनसंख्या नियंत्रण पर ध्यान दिया और इसमें सफल रहा लेकिन अब राज्य इसका परिणाम भुगत रहा है। उन्होंने दूल्हा-दुल्हन से अपील करते हुए कहा, ‘‘मैं आपसे यह नहीं कहूंगा कि आप जल्दबाजी में बच्चे पैदा न करें, बल्कि तुरंत बच्चे पैदा करें; और उन्हें सुंदर तमिल नाम दें।’’
स्टालिन ने एक तमिल कहावत का जिक्र करते हुए 21 अक्टूबर 2024 को कहा था कि लोकसभा परिसीमन की कवायद लोगों को ‘‘16 बच्चों’’ के पालन-पोषण के बारे में सोचने पर मजबूर कर सकती है।
पिछले वर्ष, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने राज्य के लोगों से अधिक बच्चे पैदा करने का आग्रह किया था। उन्होंने लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने को लेकर नयी नीतियां बनाने की बात की थी।
नायडू ने यह भी कहा था कि कोई व्यक्ति सरपंच, नगर पार्षद या महापौर तभी बन सकता है जब उसके दो से ज़्यादा बच्चे हों। गिरती जन्म दर पर चिंता जताते हुए नायडू ने कहा था कि भारत को दक्षिण कोरिया और जापान जैसे दूसरे देशों द्वारा की गई गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए, जहां जन्म दर में भारी गिरावट आई है।
स्टालिन ने कहा कि परिसीमन का सवाल तमिलनाडु के अधिकारों और उसके हितों की रक्षा से जुड़ा है, इसलिए इस मामले का राजनीतिक मूल्यांकन नहीं किया जाना चाहिए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार त्रि- नीति को दबाव के तहत लागू करने की योजना बना रही है और इसी तरह परिसीमन कवायद में वह तमिलनाडु के लिए सीटों की संख्या में कटौती करने का प्रयास कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY