देश की खबरें | संभल में बीमा राशि हड़पने के लिए भाई की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संभल जिले के बहजोई थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित रूप से 95 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
संभल (उप्र) नौ मई संभल जिले के बहजोई थानाक्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित रूप से 95 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि संजय (50) की 20 जून, 2024 को बहजोई थाना क्षेत्र में मौत हुई थी जिसकी जांच करने पर यह पता चला कि उसके भाई नवीन ने ई-रिक्शा से गिराकर उसे मार डालने की साजिश रची थी।
उन्होंने बताया, ‘‘कथित हत्या के 17 दिन बाद, छह जुलाई, 2024 को नवीन ने बहजोई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और झूठा दावा किया कि उसके भाई की मौत सड़क दुर्घटना के कारण हुई है।’’
पुलिस अधीक्षक के अनुसार शुरुआत में, स्पष्ट सबूतों के अभाव में पुलिस ने 14 सितंबर, 2024 को मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) दाखिल की, जिससे यह मामला प्रभावी रूप से बंद हो गया। हालांकि, एक बीमा कंपनी से मिली सूचना के बाद मामले को फिर से खोला गया।
कुमार ने बताया,‘‘पुलिस को एक संदिग्ध बीमा दावे के बारे में बीमा कंपनी से सूचना मिली। कंपनी ने एक ऐसे मामले को चिह्नित किया, जिसमें पर्याप्त दावा मांगा जा रहा था। कंपनी ने गहन पुलिस जांच का सुझाव दिया।’’
उन्होंने कहा कि मामले की फिर से जांच करने पर, पुलिस को संजय के भाई नवीन द्वारा रची गई साजिश का पता चला।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘जांच से पता चला कि नवीन ने कथित तौर पर अपने भाई संजय के नाम पर कई जीवन बीमा पॉलिसियां ली थीं, जिनकी कुल राशि 95 लाख रुपये थी। उनमें से 20 लाख रुपये संजय की मौत के बाद उसके (नवीन के) खाते में जमा हो गए थे।’’
कुमार ने हत्या और बीमा धोखाधड़ी के संबंध में दो व्यक्तियों-- नवीन और एक अन्य आरोपी अखिलेश की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सं आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2025 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

