देश की खबरें | ब्रिटिश महिला ने गोवा हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों पर वसूली का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन की 62-वर्षीया महिला ने दाबोलिम हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों पर उन्हें व्हीलचेयर सेवा उपलब्ध कराने के एवज में पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) तथा गोवा पुलिस से शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पणजी, पांच फरवरी ब्रिटेन की 62-वर्षीया महिला ने दाबोलिम हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों पर उन्हें व्हीलचेयर सेवा उपलब्ध कराने के एवज में पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) तथा गोवा पुलिस से शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

जब गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक एसवीटी धनंजय राव से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे शिकायत की जांच कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई करेंगे।

दाबोलिम पुलिस ने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक अपराध दर्ज नहीं किया गया है।

गोवा पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता कैथरीन फ्रांसिस वोल्फ को चलने-फिरने में दिक्कत है। वह 29 जनवरी को टीयूआई एअरवेज की उड़ान टीओएम031 से लंदन के गैटविक हवाईअड्डे से गोवा आ रही थीं।

जब महिला दाबोलिम हवाई अड्डे पहुंची तो हवाई अड्डे के प्रबंधक ने व्हीलचेयर पर बिठाने तथा सामान उठाने में महिला यात्री की मदद के लिए दो कर्मचारियों को भेजा।

शिकायत में दावा किया गया है, ‘‘दोनों व्यक्तियों ने हवाई अड्डे पर एक जगह कैथरीन को रोका और गुस्से में उनसे कहा, ‘‘अगर तुम हमें पैसे नहीं देती हो तो हम तुम्हें यहां छोड़कर चले जाएंगे।’’

सूत्रों के अनुसार, महिला ने उसकी मदद करने के लिए दोनों को 4,000 रुपये दिए।

सूत्रों ने बताया कि बाद में महिला ने ईमेल भेजकर एएआई और गोवा पुलिस महानिदेशक से इसकी शिकायत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\