विदेश की खबरें | ब्रिटेन के नये सिख सांसद ने भारत से लेबर पार्टी के संबंध मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन के आम चुनाव में लेबर पार्टी की शानदार जीत के बाद संसद में निर्वाचित होने वाले नये सदस्यों में से एक जीवन संधेर ने राजनीति में विश्वास बहाल करने और भारत व उसके प्रवासी समुदाय के साथ अपनी पार्टी के संबंध को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
लंदन, 28 जुलाई ब्रिटेन के आम चुनाव में लेबर पार्टी की शानदार जीत के बाद संसद में निर्वाचित होने वाले नये सदस्यों में से एक जीवन संधेर ने राजनीति में विश्वास बहाल करने और भारत व उसके प्रवासी समुदाय के साथ अपनी पार्टी के संबंध को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
पहली बार के ब्रिटिश-सिख सांसद संधेर इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स में लॉफबोरो से निर्वाचित हुए हैं।
उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी की भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए इसे आने वाली सरकार द्वारा संबंधों को उच्च स्तर की प्राथमिकता देने के प्रतीक के रूप में बताया।
संधेर ने इस सप्ताह लंदन में संसद परिसर में ‘पीटीआई’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘व्यक्तिगत दृष्टिकोण से, मैं भारतीय प्रवासी समुदाय का हिस्सा हूं। इसलिए मैं इसे लेबर पार्टी और उसकी आगामी सरकार के लिए एक स्वाभाविक संबंध के रूप में देखता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी है, इसलिए डेविड वहां यह बताने गए थे कि यह हमारे लिए इस क्षेत्र में तथा वैश्विक रूप में बेहद महत्वपूर्ण साझेदारी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, उसके साथ व्यापार समझौते पर भी काम जारी है।’’
संधेर का जन्म पूर्वी इंग्लैंड के लुटोन शहर में हुआ था। उनके माता-पिता पंजाब से लुटोन में जा बसे थे। संधेर अक्सर अपने परिवार के साथ भारत आते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भारत से अपने जुड़ाव पर गर्व है और इस देश में जिस तरह से हमारा योगदान दिखाई देता है तथा उसे पहचाना जाता है, उस पर भी मुझे काफी गर्व है।’’
भारतीय-सिख सांसद ने कहा, ‘‘मैं एक अर्थशास्त्री हूं और मेरे लिए पहली चीज लोगों की जेबों में और पैसा लाना है। हम स्वच्छ ऊर्जा में निवेश करके ऐसा करने जा रहे हैं, हमारा उद्देश्य उस निवेश और हरित समृद्धि को लॉफबोरो में लाना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवा है, हमारे लिए अपने प्रियजनों के स्वास्थ्य से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। तीसरी प्राथमिकता, अधिक पुलिस अधिकारियों की भर्ती कर अपराध में कमी लाना है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2024 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

