ब्रिटेन ने कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में अपनी जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को श्रद्धांजलि दी
कोरोना वायरस संक्रमण से हाल ही में उबरे प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) और देखभाल गृहों एवं सार्वजनिक परिवहन के अन्य अहम कर्मियों के लिए स्थानीय समयानुसार ग्यारह बजे 10 डाउनिंग स्ट्रीट में ब्रिटेन के चांसलर ऋषि सुनक के साथ श्रद्धांजलि की अगुवाई की।
लंदन, 28 अप्रैल ब्रिटेन में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाले सैंकड़ों स्वास्थ्य एवं अन्य कर्मियों के सम्मान में मंगलवार को एक मिनट का मौन रखा गया।
कोरोना वायरस संक्रमण से हाल ही में उबरे प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) और देखभाल गृहों एवं सार्वजनिक परिवहन के अन्य अहम कर्मियों के लिए स्थानीय समयानुसार ग्यारह बजे 10 डाउनिंग स्ट्रीट में ब्रिटेन के चांसलर ऋषि सुनक के साथ श्रद्धांजलि की अगुवाई की।
मुख्य विपक्षी लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने भी श्रद्धांजलि दी।
अब तक एनएचएस के 82 कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मर गये है जिनमें कई भारतीय मूल के हैं।
एनएचएस की भारतीय मूल की मुख्य जन अधिकारी प्रेरणा इस्सर ने कहा कि एनएचएस उन कर्मियों को औपचारिक रूप से याद करने के तौर तरीके पर गौर कर रहा है जिन्होंने उस वक्त अन्य लोगों की देखभाल के लिए अपनी जान दी जब वायरस चरमोत्कर्ष पर था।
उन्होंने कहा, ‘‘ एनएचएस परिवार स्वास्थ्य एवं देखभाल क्षेत्र के उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एकसाथ आएगा जो कोरोना वायरस के चलते अपनी जान गंवा बैठे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ वे सभी, जो भी काम कर रहे थे, बदलाव ला रहे थे और दूसरों की मदद कर रहे थे। यही वजह है कि हम जिन्हें गंवा बैठे हैं, उन सभी को सम्मानित करते हुए इस इस राष्ट्रव्यापी पल से जुड़ेंगे। ’’
यह श्रद्धांजलि ऐसे वक्त दी गई है जब सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों के परिवारों के लिए 60,000 पौंड की नयी बीमा योजना पेश की जिन्होंने इस महामारी के दौरान अपनी जान गंवायी।
ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा, ‘‘कोई भी राशि किसी अपने की जान के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती। सरकार शोकाकुल परिवारों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपनी इस जिम्मेदारी का पूरी तरह एहसास है कि हमें उनके (स्वास्थ्य कर्मियों के) प्रियजन की देखभाल करनी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 07:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

