बॉयज लॉकर रूम मामला : इंस्टाग्राम ने आपत्तिजनक सामग्री हटायी
दरअसल यह मामला इंस्टाग्राम पर चल रहे एक चैट समूह ‘बॉयज लॉकर रूम’ से जुड़ा है। इस समूह में शामिल किशोर बच्चे लड़कियों के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक बातें कर रहे थे। समूह के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद इसे लेकर कड़ी आलोचना होने लगी जिसके बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।
नयी दिल्ली, पांच मई ‘बॉयज लॉकर रूम’ मामले की कड़ी आलोचनाओं के बीच इंस्टाग्राम ने अपने मंच से अव्यस्क लड़कियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री मंगलवार को हटा ली। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग ने सोमवार को इस मामले में इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था।
दरअसल यह मामला इंस्टाग्राम पर चल रहे एक चैट समूह ‘बॉयज लॉकर रूम’ से जुड़ा है। इस समूह में शामिल किशोर बच्चे लड़कियों के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक बातें कर रहे थे। समूह के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद इसे लेकर कड़ी आलोचना होने लगी जिसके बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।
इंस्टाग्राम ने एक बयान में कहा कि वह इस तरह के मामलों को काफी गंभीरता से लेता है। उसके उपयोक्ता मंच पर खुद को ‘सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से’ प्रस्तुत कर सकें, यह सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंस्टाग्राम फेसबुक के स्वामित्व वाली तस्वीरें और वीडियो साझा करने की सोशल मीडिया एप है।
दिल्ली महिला आयोग ने सोशल मीडिया मंच पर ‘अव्यस्क लड़कियों के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट’ करने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। आयोग ने इस बारे में सोमवार को इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था।
फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ हम किसी भी तरह की यौन हिंसा को बढ़ावा देने या किसी का भी विशेषकर महिलाओें और युवाओं का उत्पीड़न करने वाले व्यवहार का समर्थन नहीं करते हैं। जो भी सामग्री हमारे सामुदायिक मानकों का उल्लंघन करती है, हम उस पर कार्रवाई करते हैं और हम इसके प्रति सजग हैं।’’
कंपनी ने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री उसके सामुदायायिक मानकों का उल्लंघन है और इसे हटा लिया गया है। उसने आयोग का नोटिस मिलने से पहले ही मामले पर कार्रवाई कर ली थी।
दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने भी इस मामले में इंस्टाग्राम से ‘बॉयज लॉकर समूह’ से जुड़े सदस्यों की जानकारी मांगी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

