शिवसेना सांसद संजय राउत ने पूर्व सांसद किरीट सोमैया पर निशाना साधते हुए कहा- पिता-पुत्र दोनों जेल जाएंगे, इंतजार कीजिये
भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं और व्यवसायियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने और पूर्व सांसद किरीट सोमैया को निशाना बनाने के एक दिन बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को कहा कि ‘पिता-पुत्र’ दोनों जेल जाएंगे.
मुंबई, 16 फरवरी : भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं और व्यवसायियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने और पूर्व सांसद किरीट सोमैया को निशाना बनाने के एक दिन बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को कहा कि ‘पिता-पुत्र’ दोनों जेल जाएंगे. उन्होंने मराठी में ट्वीट किया, “पिता-पुत्र दोनों जेल जाएंगे. इंतजार कीजिये. बैरक का सेनिटाइजेशन किया जा रहा है.” राउत ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया. मंगलवार को मुंबई में शिवसेना मुख्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन में राउत ने सोमैया पर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र के, पीएमसी बैंक घोटाले के आरोपी के साथ संबंध हैं.
सोमैया लगातार शिवसेना के बड़े नेताओं और महा विकास आघाडी के अन्य नेताओं के विरुद्ध आरोप लगाते रहे हैं. राउत ने कहा था कि किरीट के बेटे नील सोमैया का राकेश वाधवान से संबंध है जो पीएमसी बैंक घोटाले का एक आरोपी है. राउत ने यह भी कहा था कि वह इस संबंध में उचित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को सारे दस्तावेज सौंपेंगे. यह भी पढ़ें : Assam: शहरों, कस्बों व गांवों के नाम बदलने के लिए बनेगा पोर्टल, सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने की घोषणा
राउत ने पीएमसी मामले में पिता और पुत्र की गिरफ्तारी की भी मांग की थी. आरोपों का खंडन करते हुए किरीट सोमैया ने कहा था कि वह किसी भी प्रकार की जांच के लिए तैयार हैं. सोमैया ने कहा था ‘‘मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है. मैं कभी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं रहा. किसी भी जांच के लिए तैयार हूं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 16, 2022 11:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

