देश की खबरें | बोनालु उत्सव: केसीआर, नड्डा ने उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की

हैदराबाद, नौ जुलाई तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने बोनालु उत्सव के अवसर पर रविवार को यहां उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की।

सिकंदराबाद के उज्जैनी महाकाली मंदिर में दो दिवसीय वार्षिक बोनालु उत्सव की भव्य शुरुआत हुई। हजारों श्रद्धालु देवी का दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने देवी को ‘बोनाम’ (दूध और गुड़ से तैयार खीर) चढ़ाया।

इस अवसर पर देवी महाकाली की पूजा की जाती है।

राव अपनी पत्नी शोभा के साथ मंदिर पहुंचे और विशेष पूजा की। मुख्यमंत्री ने देवी को विशेष रेशम का वस्त्र चढाया।

तेलंगाना के मंत्रियों -- तलासनी श्रीनिवास यादव, ए इंद्रकरण रेड्डी, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय आदि जैसे गणमान्य लोग भी मंदिर पहुंचे और उन्होंने पूजा-अर्चना की।

जून 2014 में तेलंगाना के अस्तित्व में आने के बाद राज्य सरकार ने बोनालु को ‘राजकीय उत्सव’ का दर्जा दिया था।

बोनालु हैदराबाद, सिकंदराबाद और तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में मनोकामना पूर्ति के लिए देवी महाकाली को धन्यवाद स्वरूप मनाया जाने वाला वार्षिक त्योहार है। इस दौरान देवी और उनके विभिन्न रूपों की पूजा की जाती है।

बोनालु रोगों को दूर रखने तथा अच्छे स्वास्थ्य, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए भी मनाया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)