एजेंसी न्यूज

कोविड-19 के मृतकों को दफनाने के खिलाफ याचिका पर बंबई उच्च न्यायालय निर्णय करे: शीर्ष अदालत

न्यायमूर्ति आर एफ नरिमन और न्यायमूर्ति इन्दिरा बनर्जी की पीठ ने इस मामले में 27 अप्रैल के अंतरिम आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से सुनवाई के दौरान बंबई उच्च न्यायालय से यह अनुरोध किया।

कोविड-19 के मृतकों को दफनाने के खिलाफ याचिका पर बंबई उच्च न्यायालय निर्णय करे: शीर्ष अदालत
जमात

नयी दिल्ली, चार मई उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय से कहा कि कोविड-19 महामारी के मृतकों को बांद्रा पश्चिम के इलाके में दफनाने के खिलाफ दायर याचिका पर यथासंभव दो सप्ताह के भीतर निर्णय करे। इस इलाके में कोविड-19 महामारी की वजह से जान गंवाने वाले व्यक्तियों को दफनाये जाने का विरोध हो रहा है क्योंकि स्थानीय लोगों को यह संदेह है कि इससे संक्रमण फैल सकता है।

न्यायमूर्ति आर एफ नरिमन और न्यायमूर्ति इन्दिरा बनर्जी की पीठ ने इस मामले में 27 अप्रैल के अंतरिम आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से सुनवाई के दौरान बंबई उच्च न्यायालय से यह अनुरोध किया।

उच्च न्यायालय ने अपने अंतरिम आदेश में बांद्रा पश्चिम में स्थित तीन कब्रिस्तानों में कोविड-19 संक्रमण से जान गंवाने वालों को दफनाने की अनुमति देने के बृहन्नमुंबई नगर पालिका के निर्णय पर रोक लगाने से इंकार कर दिया था।

पीठ ने याचिका का निस्तारण करते हुये अपने आदेश में कहा, ‘‘बंबई उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश ने 27 अप्रैल के आदेश में याचिका में अंतरिम राहत के लिये किया गया अनुरोध ठुकरा दिया है। याचिकाकर्ता और उसके परिवार के सदस्य उनके स्थान से लगे हुये कब्रिस्तान में कोविड-19 संक्रमण से जान गंवाने वाले व्यक्तियों को दफनाये जाने को लेकर चिंतित है और इस तथ्य को देखते हुये हम महसूस करते हैं कि इस मामले का यथाशीघ्र , संभव हो तो आज से दो सप्ताह के भीतर, निबटारा किया जाये।’’

यह याचिका बांद्रा पश्चिम में कोंकणी मुस्लिम कब्रिस्तान के निकट रहने वाले प्रदीप गांधी और अन्य निवासियों ने दायर की थी। इसमें दावा किया गया था कि यदि शव ठीक से दफनाये नहीं गये तो यहां सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है।

बाद में, एक मुस्लिम संगठन ने भी इस मामले में हस्तक्षेप की अनुमति करते हुये शीर्ष अदालत में आवेदन दायर किया था। इसमें दावा किया गया था कि कोविड-19 संक्रमण की वजह से जान गंवाने वाले व्यक्तियों के शव दफनाने की वजह से यह संक्रमण फैलने की आशंकायें निराधार हैं और इस तरह का कोई जोखिम नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).