ग्राम रक्षा गार्ड के शव बरामद; किश्तवाड़ में आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान जारी
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में व्यापक तलाश अभियान के दौरान शुक्रवार को एक नाले के पास उन दो ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) के शव पाये गए, जिनकी आतंकवादियों ने अपहरण के बाद हत्या कर दी थी.
किश्तवाड़/जम्मू, 8 नवंबर : जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में व्यापक तलाश अभियान के दौरान शुक्रवार को एक नाले के पास उन दो ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) के शव पाये गए, जिनकी आतंकवादियों ने अपहरण के बाद हत्या कर दी थी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों का पता लगाने के लिए किश्तवाड़ में एक व्यापक घेराबंदी और तलाश अभियान जारी है. अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने दोनों ग्राम रक्षा गार्ड का किश्तवाड़ जिले में अपहरण करने के बाद बृहस्पतिवार को हत्या कर दी थी. पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बर्बर हत्या की घटना के बाद घने वन क्षेत्र में एक संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया है.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने घटना की निंदा की है. अधिकारियों ने बताया कि अभियान कुंतवाड़ा, ओहली और मुंजला धर पर्वतीय इलाकों में केंद्रित है और शुक्रवार तड़के अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी भेजा गया. सुरक्षा बलों ने ड्रोन और श्वान दस्ते को खोजबीन अभियान में लगाया है तथा आज सुबह वन क्षेत्र के ऊपर एक हेलीकॉप्टर मंडराते देखा गया. पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘किश्तवाड़ के ओहली-कुंतवाड़ा निवासी नजीर अहमद और कुलदीप कुमार मवेशियों को चराने के दौरान लापता हो गए थे.’’ यह भी पढ़ें : राज्यपाल ने अधिकतर विवि में नियमित कुलपतियों की कमी के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया
उन्होंने बताया कि बाद में, उनके शवों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित हुईं और उनके परिवार के सदस्यों ने उनकी पहचान की. अधिकारियों ने बताया कि अहमद और कुमार अधवारी के मुंजला धर जंगल में मवेशी चराने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. कुमार के भाई पृथ्वी ने पीटीआई- को बताया, ‘‘मेरे भाई और नजीर को आतंकवादियों ने अगवा कर लिया और उनकी हत्या कर दी. वे ग्राम रक्षा गार्ड थे और हमेशा की तरह मवेशी चराने गए थे.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2024 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

