देश की खबरें | गुजरात में सरकारी स्कूल के परिसर में छह वर्षीय लड़की का शव मिला

दाहोद, 20 सितंबर गुजरात के दाहोद जिले के एक गांव में सरकारी प्राथमिक विद्यालय के परिसर में छह साल की लड़की का शव मिला है।

पुलिस उपाधीक्षक जे. डी. कंसारा ने बताया कि पहली कक्षा की छात्रा को उसके माता-पिता और रिश्तेदारों ने बृहस्पतिवार रात सिंगवाड़ तालुका के तोरानी गांव में प्राथमिक विद्यालय के परिसर में पाया।

उन्होंने कहा, "जब लड़की स्कूल से घर नहीं लौटी, तो उसके माता-पिता और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की और रात में स्कूल पहुंचे। उन्होंने उसे स्कूल भवन के पीछे परिसर में बेहोश अवस्था में पाया।"

उन्होंने बताया कि लड़की को लिमखेड़ा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया, "हमने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।"

लड़की के एक रिश्तेदार ने पत्रकारों को बताया कि स्कूल का गेट बंद था और उन्हें दीवार फांदकर जाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि लड़की स्कूल की इमारत के पीछे बेहोशी की हालत में मिली थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)