देश की खबरें | बांग्लादेश से 69 रोहिंग्याओं को लेकर नाव अंडमान निकोबार पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्र शासित प्रदेश अंडमान में सोमवार सुबह एक मोटरबोट 69 रोहिंग्याओं को लेकर निकोबार जिले में पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पोर्ट ब्लेयर, 13 फरवरी केन्द्र शासित प्रदेश अंडमान में सोमवार सुबह एक मोटरबोट 69 रोहिंग्याओं को लेकर निकोबार जिले में पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 'मा-बाबर दोआ' (माता-पिता का आशीर्वाद) नाम की एक नाव सुबह करीब साढ़े दस बजे कार निकोबार के मलक्का तट पर पहुंची। नाव में 19 पुरुष, 22 महिलाएं और 28 बच्चे सवार थे।

अधिकारियों के मुताबिक, नाव इंडोनेशिया के रास्ते में थी लेकिन खराब मौसम के कारण वो अंडमान और निकोबार द्वीप आ गए। उन्होंने बताया कि नाव का ईंधन भी खत्म हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि नाव पर सवार लोग करीब दो हफ्ते पहले बांग्लादेश के एक राहत शिविर से भाग गए थे।

वहीं, एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, "इस मामले पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। चिकित्सा अधिकारियों की एक टीम उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जांच कर रही है।"

अधिकारियों ने बताया कि मलक्का घाट पर तटरक्षक बल, पुलिस और आपदा प्रबंधन दल मौजूद हैं। सुरक्षाकर्मियों ने नाव में सवार लोगों के लिए खाना, पानी और दवाओं की व्यवस्था की है।

साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को सूचित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि जनवरी 2020 में, बांग्लादेश से 66 रोहिंग्याओं के साथ एक नाव को तारमुगली द्वीप के पास पकड़ा गया था, जो कि प्रतिबंधित नार्थ सेंटिनल द्वीप से लगभग 34 किमी दूर थी। यह द्वीप सेंटिनली आदिवासी समुदाय का घर है जिनका बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now