UP में कूड़ा फेंकने को लेकर खूनी संघर्ष, मारपीट में एक शख्स की हुई मौत, 10 लोग घायल
बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव में कूड़ा फेंकने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
बाराबंकी (उप्र), 23 जून: बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव में कूड़ा फेंकने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई और अन्य 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार बुधनाई गांव में दो अलग-अलग पक्षों से संबंधित बरसाती व लालजी के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चला आ रहा था.
जमीन का यह विवाद शुक्रवार की सुबह कूड़े फेंकने को लेकर खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. इस मारपीट में दोनों पक्षों से 11 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें 40 वर्षीय रामसिंह की मौत हो गई.
घायल हुए सभी 10 लोगों को इलाज के लिए कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां हालत खराब होने पर घायलों को जिला अस्पताल में भेजा गया है. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. अखिलेश नारायण ने बताया कि कूड़ा फेंकने के विवाद को लेकर मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है. एएसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन कर रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2023 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

