प्रयागराज, 12 अक्टूबर प्रयागराज के जार्ज टाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को रक्त की कथित तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और इनके पास से भारी मात्रा में रक्त की यूनिट बरामद की।
पुलिस अधीक्षक (नगर) संतोष कुमार मीणा ने बताया कि आज रक्त आपूर्ति करने वाला एक बड़ा रैकेट पकड़ा गया है, जिसका सरगना मोहम्मद शान उर्फ शानू है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह द्वारा गरीब ऑटोरिक्शा चालकों और अन्य लोगों को 1000-1500 रुपये में रक्त खरीदने की पेशकश की जाती और कार में बैठाकर इनका रक्त निकाला जाता था, और निकाले गए रक्त को फ्रिज में रखा जाता था।
मीणा ने बताया कि गिरोह के सदस्य नगर के प्रमुख अस्पतालों के बाहर अपने लोगों को रखते थे जो जरूरतमंद लोगों को रक्त की बिक्री करते थे, ये लोग 8,000-10,000 रुपये प्रति यूनिट की दर से रक्त बेचते थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरोह के सदस्यों के पास से 128 यूनिट ब्लड, घटना में प्रयुक्त टाटा जेस्ट काऱ, इस्तेमालशुदा रसीद, विभिन्न अस्पतालों के 138 पर्चे, 85 प्रयोगशुदा रक्त नमूने की शीशी आदि बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ जार्ज टाउन थाना में आईपीसी की धारा 419,420, 467, 468, 471, 275 और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की धारा 18ए (1), 18सी के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
राजेंद्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY