देश की खबरें | राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर व जैसलमेर जिले में रहा ‘ब्लैकआउट’

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान की तरफ से शनिवार रात संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने के बाद राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिले में रविवार रात को भी एहतियातन ‘ब्लैकआउट’ रहा।

जयपुर, 11 मई पाकिस्तान की तरफ से शनिवार रात संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने के बाद राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिले में रविवार रात को भी एहतियातन ‘ब्लैकआउट’ रहा।

बाड़मेर में रात के समय ड्रोन आने की गतिविधि दिखने का अलर्ट भी जारी किया गया।

बाड़मेर में ‘ब्लैकआउट’ रविवार रात आठ बजे शुरू हुआ जबकि जैसलमेर में शाम साढ़े सात ही यह लागू कर दिया गया।

बाड़मेर में ब्लैकआउट के कुछ समय बाद ही लगभग पौने नौ बजे प्रशासन ने ड्रोन आने की गतिविधि दर्ज होने का अलर्ट जारी किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की।

हालांकि इसके बाद कुछ नहीं हुआ और इलाके में सुरक्षा बल सतर्क हैं। राजस्थान की पाकिस्तान से लगते जिलों में दिन में हालात जहां सामान्य हो रहे हैं वहीं जैसलमेर व बाड़मेर में प्रशासन ने रविवार की रात भी एहतियातन ‘ब्लैकआउट’ रखने की घोषणा की।

जैसलमेर जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना में बताया गया, “एहतियात के तौर पर रविवार को शाम साढ़े सात बजे से अगली सुबह छह बजे तक ‘ब्लैकआउट’ घोषित किया जाता है। सभी अपने घरों और आसपास की लाइटों को बंद रखें।”

वहीं बाड़मेर जिला प्रशासन ने कहा, “बाड़मेर जिले में वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर रविवार को रात्रि आठ से सोमवार सुबह छह बजे तक ‘ब्लैकआउट’ घोषित किया जाता है।”

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की ओर से बृहस्पतिवार और शुक्रवार रात को जैसलमेर व बाड़मेर में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन हमले किए गए।

भारतीय सशस्त्र बलों ने इन हमलों को हवा में ही विफल कर दिया और किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

जोधपुर में प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में कोई पूर्व निर्धारित ‘ब्लैकआउट’ नहीं होगा हालांकि किसी भी आपात परिस्थिति में अविलंब ‘ब्लैकआउट’ लागू किया जा सकता है।

प्रशासन ने सीमावर्ती गंगानगर जिले में लोगों से शाम सात बजे से सूर्योदय तक एहतियात के तौर पर अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की अपील की।

इससे पहले राजस्थान के अधिकांश सीमावर्ती शहरों व कस्बों में रविवार को हालात सामान्य दिनों की तरह रहे। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी उन रेलगाड़ियों को बहाल करने की घोषणा की जिन्हें तनाव के कारण शनिवार को रद्द या आंशिक रूप से रद्द कर दिया था।

शनिवार की रात को राज्य के सीमावर्ती इलाकों में ‘ब्लैकआउट’ रहा और जैसलमेर, बाड़मेर सहित कई सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन की गतिविधियां देखी गईं और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

जैसलमेर के निवासी रेवंत सिंह के अनुसार ड्रोन आदि की गतिविधि पहले की दो रातों की तुलना में कहीं कम रही।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘बीती रात पूरी तरह से तो सामान्य नहीं थी क्योंकि आसमान में ड्रोन गतिविधियां देखी गईं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\