देश की खबरें | ‘फ्लॉप’ हो रही हैं भाजपा की यात्राएं: गहलोत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्राओं को 'फ्लॉप' बताते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा वाले अब झूठे आरोप लगा रहे हैं और उनमें कोई दम नहीं है।

जयपुर, आठ सितंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्राओं को 'फ्लॉप' बताते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा वाले अब झूठे आरोप लगा रहे हैं और उनमें कोई दम नहीं है।

गहलोत टोंक के निवाई में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। भाजपा द्वारा राज्य में चार परिवर्तन यात्राएं निकाले जाने के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की यात्राएं ‘फ्लॉप’ (विफल) हो रही हैं .. लोग जा नहीं रहे हैं .. वे खुद समझ रहे हैं। आगे भी इनकी यात्राएं ‘फ्लॉप’ होंगी क्योंकि इन्होंने साढ़े चार साल तक कुछ किया नहीं और अब हम पर झूठे आरोप लगा रहे हैं ये लोग.. उनमें कोई दम नहीं जनता सब समझ रही है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के कारण राजस्थान की देश भर में चर्चा हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को आलोचना बर्दाश्त नहीं होती।

विपक्षी दल भाजपा द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ‘‘तथ्यों और सच्चाई के आधार पर आप आलोचना करो तो हम लोग उनका स्वागत करते है क्योंकि उसका फायदा हमें मिलता है और जनता को मिलता है।’’

उन्होंने कहा ‘‘कोई आलोचना होती है तो हमें चाहिए कि घमंड को दूर रखकर… कैसे उसका विष्लेषण करें कि इसमें जो आलोचना की गई है उसमें कितनी सच्चाई है। सच्चाई है तो उसको दूर करके आप अगर कोई फैसला करते हो, तो उसका फायदा जनता को मिलता है।’’

उन्होंने कहा ‘‘हम इन भाजपा वालों की तरह अहम और घमंड में नहीं चलते हैं... आलोचना बर्दाश्त नहीं होती इन लोगों से।’’

उन्होंने कहा ‘‘आज देश के अंदर जहां-जहां सरकारें भाजपा की हैं, कितने लोग साहित्यकार, पत्रकार, लेखक जेल में बैठे हुए हैं.. कोई आलोचना लिख दे.. बता दे.. तो आप देशद्रोही हो, यह हालात बन गये हैं देश के अंदर...।’’

उन्होंने कहा ‘‘लोकतंत्र को ये लोग कमजोर कर रहे हैं.. संविधान की धज्जिया उड़ा रहे हैं.. ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), इनकम टैक्स (आयकर विभाग), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) को भेजकर आप तंग करते हो लोगो को, जहां सरकारें भाजपा की नहीं हैं, वहीं जाकर ईडी वाले कार्यवाही करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी पार्टियों का इंडिया नाम से जब से गठबंधन बना है, इनकी चूलें हिल गई हैं...इतने घबरा गये हैं ये लोग कि ये बौखलाए हुए हैं ...कभी भारत नाम लिख रहे हैं, अब भारत है, इंडिया है, हिन्दुस्तान है, हमारा मुल्क है, हम तो उसकी बात करते हैं... देश एक रहे, अखंड रहे और हमारे यहां जो संविधान बनाया है डा. आंबेडकर ने, उसका आधार बनाकर देश में शासन हो और सबको न्याय मिले।’’

उन्होंने भाजपा पर कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में निर्वाचित सरकारें गिराने का आरोप लगाते हुए कहा ‘‘लेकिन राजस्थान में इनकी दाल नहीं गली। इनके दिल में आग लगी हुई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें