भुवनेश्वर, तीन दिसंबर ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी जीत का इस राज्य के लोगों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, सत्तारूढ़ बीजद ने नतीजों के बाद कोई आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया, लेकिन क्षेत्रीय पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री समीर रंजन दास ने दावा किया कि राज्य पर इन चुनाव परिणामों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
दास ने कहा, "पिछली बार बीजद ने विधानसभा की 147 में से 114 सीटें जीती थीं। इस बार, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के प्रदर्शन और लोकप्रियता के आधार पर लक्ष्य 130 सीटें है।"
ओडिशा में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में पटनायक के छठी बार सत्ता में लौटने का विश्वास जताते हुए, बीजद विधायक ने कहा, "भाजपा और कांग्रेस राष्ट्रीय दल हैं तथा अन्य राज्यों में उनके प्रदर्शन का ओडिशा पर कोई असर नहीं पड़ता है, जहां लोग क्षेत्रीय पार्टी को चुनते आ रहे हैं।"
कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपनी सरकारें गंवा दीं है, लेकिन ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष शरत पटनायक पड़ोसी तेलंगाना में एक क्षेत्रीय पार्टी भारत राष्ट्र समिति को हराने के बाद बहुत खुश हैं।
उन्होंने कहा, “हम ओडिशा में बीजद के खिलाफ भी यही रणनीति अपनाएंगे और 2024 में चुनाव जीतेंगे।” उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि बीजद और भाजपा के बीच नजदीकी के कारण लोगों ने कांग्रेस को विकल्प मान लिया है।
इस बीच, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की जीत से उत्साहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने यहां दावा किया कि इस शानदार प्रदर्शन का अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री बिश्वेश्वर टुडू, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी और कई अन्य लोगों ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की जीत निश्चित रूप से 2024 के चुनावों को प्रभावित करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY