देश की खबरें | भाजपा की तेलंगाना इकाई 100 दिवसीय योजना के साथ जनता से संपर्क करेगी

उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि पार्टी लोगों के मुद्दे पर प्रदर्शन करेगी और राज्य के कम से कम 3000 ‘जनमत बनाने वाले लोगों’ से व्यक्तिगत तौर पर मिलेगी जो जनहित को लेकर चिंतित हैं।

गत दो दिन में भाजपा ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की है।

भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के अध्यक्ष लक्ष्मण ने कहा कि हर महीने सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘टिफिन बैठक’ आयोजित की जाएगी जिसमें पार्टी नेता और कार्यकर्ता साथ खाना खाएंगे ताकि मेलजोल को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने बताया कि पार्टी नये मतदाताओं से भी संपर्क करेगी।

लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेता आगमी महीनों में राज्य का दौरा करेंगे।

लक्ष्मण ने कहा कि मोदी ने आठ जुलाई को वारंगल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और जनसभा को भी संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं का यह भरोसा बढ़ा है कि भाजपा राज्य की सत्ता में आएगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रवार जनसभा आयोजित की जाएगी जिसमें मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव सरकार के कथित भ्रष्टाचार और तानाशाही रवैये के साथ-साथ कांग्रेस के साथ संबंधों को उजागर किया जाएगा।

लक्ष्मण ने बीआरएस सरकार को गरीबों को दो कमरों के मकान देने और कृषि ऋण माफ करने सहित जनता से किए गए अन्य वादों को कथित तौर पर पूरा नहीं करने पर आड़े हाथ लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)