नयी दिल्ली, 18 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेशनल हेराल्ड मामले में जनता के पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कांग्रेस के अकबर रोड कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग की।
भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा की शहर इकाई के कार्यकर्ता मान सिंह रोड पर एकत्र हुए, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और भ्रष्टाचार के मामले में राहुल गांधी का नाम आने पर उनके इस्तीफे की मांग की।
सचदेवा ने कहा, “मामला 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति का कम मूल्यांकन करने से जुड़ा है, जिसे 50 लाख रुपये में मां ने अपने बेटे को सौंप दिया।”
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल हेराल्ड मामले में धनशोधन के आरोप में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है।
कांग्रेस ने आरोपपत्र को प्रतिशोध की राजनीति बताया है।
सचदेवा ने पूछा कि अगर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लगता है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है तो उन्होंने जमानत के लिए आवेदन क्यों किया।
उन्होंने कहा, “इसके बजाय उन्हें कानूनी लड़ाई लड़नी चाहिए थी और खुद को सही साबित करना चाहिए था।”
उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला “साजिश, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का मामला है जिसके लिए कांग्रेस नेता जवाबदेह हैं।”
सचदेवा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुराए गए सार्वजनिक धन का एक-एक पैसा वसूला जाएगा।
उन्होंने पूछा, "यह मामला 2012 का है, जब कांग्रेस की सरकार थी। जब जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, तो कांग्रेस नेता हैरान क्यों हैं?"
विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा के दिल्ली अध्यक्ष सागर त्यागी और राष्ट्रीय महासचिव रोहित चहल भी शामिल हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY