देश की खबरें | भाजपा के गरासिया और मदन राठौड़ ने राज्यसभा के लिये नामांकन पत्र दाखिल किये

जयपुर, 15 फरवरी राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ ने बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल किये।

दोनों उम्मीदवारों ने रिटर्निंग ऑफिसर महावीर प्रसाद शर्मा के समक्ष नामांकन पत्र के दो-दो सेट प्रस्तुत किये।

गरासिया द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, सांसद सी.पी. जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ मौजूद थे।

मदन राठौड़ द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी व उपमुख्‍यमंत्री प्रेम चन्द बैरवा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मौजूद थीं।

नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर महावीर प्रसाद शर्मा ने दोनों उम्मीदवारों को शपथ दिलायी।

उल्लेखनीय है राज्यसभा चुनाव 2024 के लिए राज्य में तीन सीट के लिए हो रहे चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की बृहस्पतिवार को अंतिम दिन तक तीन उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को यहां अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को राजस्थान से चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को उम्मीदवार घोषित किया था।

गरासिया राज्य सरकार के पूर्व मंत्री हैं जबकि राठौड़ पूर्व विधायक हैं।

मदन राठौड़ पाली की सुमेरपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे हैं। वह वर्ष 2003 में पहली बार विधायक बने थे। वह वर्ष 2013 में दूसरी बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे।

वर्ष 2013 से 2018 तक वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में वह उप मुख्य सचेतक थे।

चुन्नीलाल गरासिया पूर्व मंत्री और संगठन में कई पदों पर रहे हैं। गरासिया वर्तमान में राजस्थान भाजपा के उपाध्यक्ष हैं।

राजस्थान में तीन राज्यसभा सीट के लिये नामांकन का आज अंतिम दिन है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

राजस्थान से राज्यसभा सदस्य डॉ. मनमोहन सिंह (कांग्रेस) और भूपेन्द्र सिंह (भाजपा) का कार्यकाल तीन अप्रैल को समाप्त हो रहा है।

एक रिक्त सीट पर भी चुनाव होना है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा ने विधायक चुने जाने के बाद दिसंबर में सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था।

200 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 115 और कांग्रेस के 70 सदस्य हैं। मुकाबले की स्थिति में एक सीट जीतने के लिए कम से कम 67 वोट की आवश्यकता होगी।

राजस्थान में राज्यसभा की 10 सीट हैं। वर्तमान में कांग्रेस के छह और भाजपा के तीन सदस्य हैं, एक सीट फिलहाल रिक्त है।

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)