देहरादून, 25 जनवरी उत्तराखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना दबदबा कायम रखा। सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवारों ने 22 नगर निकायों में जीत दर्ज की और नौ में बढ़त बनाये हुए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस ने 15 नगर निकायों में जीत दर्ज की, जबकि 13 निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी घोषित किये गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छह नगर निकायों, निर्दलीय 10 और बहुजन समाज पार्टी दो नगर निकाय क्षेत्रों में बढ़त बनाये हुए है।
बृहस्पतिवार को जिन 100 शहरी स्थानीय निकायों में मतदान हुआ, उनमें से 50 के नतीजे घोषित हो चुके हैं और 27 के रुझान उपलब्ध हैं।
मतगणना अभी जारी है।
देहरादून में भाजपा की ओर से मेयर पद के उम्मीदवार सौरभ थपलियाल अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी वीरेंद्र सिंह पोखरियाल से आगे चल रहे हैं।
ऋषिकेश नगर निगम में भाजपा के शंभू पासवान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार दिनेश चंद्र से आगे चल रहे हैं।
राज्य के श्रीनगर नगर निगम में भाजपा की आशा उपाध्याय निर्दलीय उम्मीदवार आरती भंडारी से पीछे चल रही हैं।
अल्मोड़ा नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी अजय वर्मा कांग्रेस के भैरव गोस्वामी से आगे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY