देश की खबरें | मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास की मरम्मत को लेकर भाजपा का धरना पूरी तरह विफल : आप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के जीर्णोद्धार पर कथित रूप से अत्यधिक खर्च के खिलाफ भाजपा द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा में बुधवार को जुबानी जंग छिड़ गई।

नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के जीर्णोद्धार पर कथित रूप से अत्यधिक खर्च के खिलाफ भाजपा द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा में बुधवार को जुबानी जंग छिड़ गई।

आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया कि भाजपा का विरोध पूरी तरह विफल हो गया है और यहां तक कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इसमें भाग नहीं लिया। वहीं, विपक्षी दल भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार के मंत्री ‘‘झूठ’’ फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा ने कहा कि उसका धरना सुबह साढ़े 10 बजे से शाम पांच बजे तक जारी रहा।

भाजपा केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए आरोप लगा रही है कि मुख्यमंत्री ने 2020-22 के दौरान अपने आधिकारिक आवास के ‘सौंदर्यीकरण’ पर 45 करोड़ रुपये खर्च किए।

भाजपा ने मुख्यमंत्री से सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड के आवास के द्वार आम जनता के लिए खोलने का आग्रह किया ताकि लोग खुद उनकी ‘आलीशान जीवनशैली’ को देख सकें, भले ही प्रवेश के लिए टिकट हो।

‘आप’ के प्रवक्ता एवं मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा का धरना बेअसर साबित हुआ है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा का धरना ‘फ्लॉप’ हो गया। दिल्ली की जनता तो दूर, भाजपा के कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के खिलाफ षड्यंत्र में शामिल नहीं होना चाहते। जनता कह रही है कि ये मुख्यमंत्री आवास कोई अरविंद केजरीवाल की निजी संपत्ति नहीं है, जो मुख्यमंत्री बनेगा वहीं रहेगा। केजरीवाल जी जनता के लिए काम करते हैं।’’

वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए दावा किया, ‘‘भारतीय नौटंकी पार्टी केवल नौटंकी जानती है। उनका अनिश्चितकालीन अनशन पूरी तरह विफल हो गया है। आज सुबह हमने सुबह 8:30, 9:30 और 10:30 बजे तस्वीरें लीं और इस दौरान धरना स्थल पर कोई नहीं था।’’

आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के नेता मुख्यमंत्री आवास के जीर्णोंद्धार से जुड़े ‘‘घोटाले’’ के खुलासे से परेशान हैं।

कपूर ने कहा, ‘‘दिल्ली प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान और धरने से आम आदमी पार्टी की बौखलाहट इतनी बढ़ गई है कि अब ‘आप’ के मंत्री सौरभ भारद्वाज सुबह से ट्विटर पर झूठे दावे कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now