देश की खबरें | जलभराव को लेकर भाजपा की दिल्ली इकाई ने प्रदर्शन किया;नालों से गाद हटाने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने शहर की कई सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को हो रही असुविधा को लेकर यहां दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय के निकट सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने शहर की कई सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को हो रही असुविधा को लेकर यहां दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय के निकट सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि शहर में नालों से गाद हटाने में घोटाला हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि नाले साफ नहीं हुए हैं और इसके लिए आवंटित बजट का गबन हुआ है क्योंकि शहर में सड़कें, कॉलोनी और बाजार जलमग्न हो गये हैं।’’
भाजपा के प्रदर्शन और आरोपों पर आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सचदेवा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आप संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि जब शहर व्यापक स्तर पर जलभराव और यातायात अवरूद्ध होने की समस्या का सामना कर रहा है, वह राजनीतिक प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘‘कल जब दिल्ली जलभराव से जूझ रही थी, केजरीवाल हरियाणा के पंचकूला में प्रचार कर रहे थे। उन्हें लोगों के सामने ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या पैदा करने पर शर्मिंदा होना चाहिए। मैंने दिल्ली में पहले कभी ऐसा संकट नहीं देखा था...जैसा कि पिछले दो दिनों में शहर में देखने को मिला है।’’
दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के 24 घंटे में 153 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई थी, जो 1982 से जुलाई में एक दिन की सर्वाधिक बारिश है। शहर में इसके बाद के 24 घंटे में और 107 मिमी बारिश हुई, जिससे स्थिति और खराब हो गई।
भाजपा के प्रदर्शनकारी आईटीओ से आप कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस द्वारा लगाये गये अवरोधकों को पार करने की कोशिश करने वालों को हिरासत में ले लिया गया।
प्रदेश भाजपा प्रमुख ने कहा कि आप के सत्ता में रहने और दिल्ली नगर निगम में उसके शासन के दौरान शहर जलमग्न हो गया है।
आप ने पिछले साल हुए नगर निगम चुनाव में जीत हासिल की थी जिस पर 15 वर्षों से भाजपा का नियंत्रण था।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने भी केजरीवाल सरकार की आलोचना की और नालों से गाद हटाने में कथित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा नालों की सफाई के लिए चिह्नित 3,000 करोड़ रुपये की निधि के गबन की उच्च स्तरीय जांच की मांग करती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)