देश की खबरें | एमसीडी की अहम बैठक से पहले भाजपा का दावा- कुछ भी हो सकता है महापौर के चुनाव में

नयी दिल्ली, 21 फरवरी महापौर चुनाव के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की प्रस्तावित बैठक से एक दिन पहले मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने दावा किया कि ‘कुछ भी हो सकता है। भाजपा ने संकेत दिया है कि आम आदमी पार्टी (आप) के बहुमत और नामित सदस्यों (एल्डरमैन) के मतदान के खिलाफ उच्चतम न्यायालय के फैसले के बावजूद उसे चौंकाने वाले परिणाम की उम्मीद है।

चुनावी गणित आप के पक्ष में है जिसके पास महापौर के चुनाव में पड़ने वाले कुल 274 वोट में से 150 वोट हैं, जबकि भाजपा के पास 113 वोट हैं।

दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि दिल्ली को यथाशीघ्र अपना महापौर मिल जाए, लेकिन भाजपा किसी न किसी आधार पर चुनाव टाल रही है।

भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सचदेवा ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कल दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की बैठक में शहर को अपना महापौर मिले। लेकिन वहां कुछ भी हो सकता है।’’

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने भी दावा किया कि महापौर के चुनाव के नतीजे लोगों को 'आश्चर्यचकित' करेंगे, लेकिन उन्होंने पार्टी की रणनीति के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।

भाजपा के कई नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी की महापौर उम्मीदवार की संभावना इतनी भी खराब नहीं है। एक भाजपा नेता ने कहा कि महापौर के चुनाव में यदि कुछ पार्षद क्रॉस-वोट देते हैं तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)