देश की खबरें | भाजपा का बिहार विधानसभा मार्च, पार्टी नेता की मौत

पटना, 13 जुलाई बिहार में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की बृहस्पतिवार को नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ ‘‘विधानसभा मार्च’’ में हिस्सा लेने के दौरान मौत हो, गई जिसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि ‘‘बर्बरतापूर्ण’’ लाठीचार्ज उनकी मौत हुयी है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पार्टी के जहानाबाद जिले के महासचिव विजय सिंह की मृत्यु एक आहुति है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसके अलावा राज्य के छात्रों एवं युवाओं को अपनी आवाज देते हुए हजारों भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में कई महिलाएं, संसद और राज्य विधानमंडल के सदस्य शामिल हैं।’’

उजियारपुर लोकसभा सीट से संसद सदस्य राय ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता की मौत की जिम्मेदार बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार। युवाओं, महिलाओं, किसानों के अधिकारों के लिए बिहार की बर्बर नीतीश-तेजस्वी सरकार के खिलाफ संघर्ष करते हुए भाजपा के जहानाबाद के महामंत्री विजय सिंह ने अपनी आहुति दे दी।’’

पटना मेडिकल कालेज अस्पताल (पीएमसीएच) अधीक्षक आई एस ठाकुर ने कहा कि सिंह को अचेत अवस्था में उनके अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड दिया ।

इससे पहले पटना जिला प्रशासन ने कहा, ‘‘जहानाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति विजय सिंह छज्जू बाग में सड़क किनारे अचेत अवस्था में पाए गए थे। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। विस्तृत विवरण प्राप्त किया जा रहा है।

पटना मेडिकल कालेज एवं अस्पताला (पीएमसीएच) के अधीक्षक ने भी कहा कि सिंह के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं थे।

राज्य सरकार की शिक्षक भर्ती नीति के खिलाफ आंदोलन के समर्थन में आयोजित ‘‘विधानसभा मार्च’’ ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू हुआ जिसे विधानसभा परिसर से कुछ किलोमीटर दूर रोक दिया गया था ।

राज्य की राजधानी में डाक बंगला चौराहे पर लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश करने के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और रेनू देवी जैसे वरिष्ठ नेताओं सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेर लिया और एक पुलिस थाने में ले जाया गया।

पुलिस ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग के अलावा आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारों का भी सहारा लिया।

महाराजगंज से लोकसभा सदस्य जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पत्रकारों को अपने सिर पर जख्म के निशान दिखाये और स्थानीय में कहा, ‘‘ कपार फोड़ दिया।’’ (मेरे सिर पर चोट लगी है और रक्तस्राव हो रहा है।)

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)