नयी दिल्ली, दो फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में उसके एक प्रचार वाहन में तोड़फोड़ की। इस निर्वाचन क्षेत्र से आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं।
इस आरोप पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।
नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त देवेश महला ने कहा कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें कुछ लोग पार्टी की प्रचार वैन के चारों ओर लगे पोस्टर को फाड़ते और वाहन के शीशे को तोड़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
सिंह ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग का कार्यालय नयी दिल्ली में है, लेकिन वह कुछ भी ‘‘देखने या सुनने’’ में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ‘‘कोमा’’ में है।
सिंह ने कहा कि अगर भाजपा जीतती है, तो वह दिल्ली को ‘‘बर्बाद’’ कर देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भी ‘एक्स’ पर घटना का वीडियो साझा किया।
केजरीवाल के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, पुलिस उपायुक्त ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर कहा कि संबंधित पुलिस थाने में कोई पीसीआर कॉल या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
डीसीपी ने कहा, ‘‘यह अनुरोध किया जाता है कि पुलिस थाने में एक औपचारिक शिकायत दर्ज की जाए और हम सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY