देश की खबरें | बंगाल पंचायत चुनाव में हिंसा के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसईसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया

कोलकाता, नौ जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने पंचायत चुनाव में हिंसा के विरोध में रविवार को यहां पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। राज्य में चुनाव संबंधी हिंसा में 15 लोगों की मौत हुई है।

शहर में एसईसी कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक चुनाव कराने में आयोग की कथित ‘‘अक्षमता’’ के खिलाफ नारे लगाए। भाजपा के एक नेता ने कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयुक्त राजीव सिन्हा से मिलने के लिए कार्यालय गया।

राज्य की त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली की कुल 73,887 सीट पर शनिवार को मतदान हुआ, जिसमें 2.06 लाख उम्मीदवार मैदान में थे। अधिकारियों ने कहा कि अनंतिम रूप से 66.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि दक्षिण 24 परगना में एक व्यक्ति के मृत पाए जाने और दो अन्य की चोटों के कारण मौत हो जाने के बाद पंचायत चुनावों के दौरान हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।

चुनाव संबंधी मौतों के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त को दोषी ठहराते हुए भाजपा ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखकर राज्य में लोकतंत्र बहाल करने में उनके ‘‘हस्तक्षेप’’ की मांग की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पत्र में आरोप लगाया कि राज्य में ‘‘सत्तारूढ़ दल द्वारा लोकतंत्र की हत्या’’ कर दी गई, क्योंकि सुरक्षा बल मूकदर्शक बने रहे।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने विपक्षी दलों पर हिंसा कराने का आरोप लगाया और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में ‘‘विफलता’’ के लिए केंद्रीय बलों की आलोचना की।

आशीष संतोष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)