गुवाहाटी, 10 सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को विश्वास जताया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा किये गये विकास कार्य के बदौलत अगले साल लोकसभा चुनाव में भाजपा पूर्वोत्तर की 25 में से 22 सीटें जीतेगी ।
शर्मा ने यह भी कहा कि महिलाओं के फायदे के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभ निचले स्तर तक पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि‘‘ कांग्रेस के शासनकाल में ऐसा नहीं हुआ।’’
भाजपा के महिला मोर्चा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘आज आप जिस पूर्वोत्तर को देख रहे है, 2014 से पहले ऐसा नहीं था। परिवहन क्षेत्र में बदलाव आया है जो आपको अरूणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में नजर आ सकता है।’’
बैठक के समापन दिवस पर शर्मा ने कहा, ‘‘ मणिपुर में कुछ खास घटनाएं हो रही हैं लेकिन फिर भी चीजों की कमी नहीं है, क्योंकि हमारे पास विभिन्न स्थानों से राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी है। ’’
वह मणिपुर की जातीय हिंसा का जिक्र कर रहे थे। मई के प्रारंभ से हिंसा में 160 से अधिक लोगों की जान गयी है तथा सैंकडों अन्य बेघर हो गये हैं।
शर्मा ने कहा कि ग्रामीण विद्युतीकरण का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है तथा इस क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थान खुल रहे हैं एवं ‘पूर्वोत्तर मुख्यधारा में शामिल हो गया है।’
उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र के लोग ‘देश के अन्य हिस्सों में जातीय भेदभाव का अब सामना नहीं करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं पक्का कह सकता हूं कि पूर्वोत्तर की 25 में 22 सीट हम जीतेंगे। मुझसे कहा गया कि इतने विश्वास मैं कैसे यह कह सकता हूं जब मणिपुर में तनाव है।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ मैं इतने विश्वास से इसलिए कह सकता हूं कि क्योंकि बदलाव ऐतिहासिक है। हम हर घर तक पहुंच पाये हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY