ताजा खबरें | एक्जिट पोल के अनुमानों से भी आगे निकलेगी भाजपा : धामी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि ज्यादातर एक्जिट पोलों में प्रदेश में भाजपा को बहुमत मिलने के अनुमान जताए जा रहे हैं लेकिन वास्तव में वह उससे भी आगे निकलेगी ।
देहरादून, आठ मार्च उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि ज्यादातर एक्जिट पोलों में प्रदेश में भाजपा को बहुमत मिलने के अनुमान जताए जा रहे हैं लेकिन वास्तव में वह उससे भी आगे निकलेगी ।
धामी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ज्यादातर एक्जिट पोल में भाजपा को बहुमत दिया गया है । किसी ने हमें 43 सीटें दी हैं, किसी ने 45 और कोई हमें 47 सीटें दे रहा है । लेकिन जब परिणाम घोषित होंगे तो हम इन अनुमानों से आगे निकल जाएगें । हम प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेंगे ।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उत्तराखंड में इस बार 60 से अधिक सीटों पर विजय हासिल करने का लक्ष्य रखा था जो अब भी वही है ।
पिछले चुनाव में भाजपा ने 70 सदस्यीय विधानसभा में से 57 पर जीत दर्ज कर ऐतिहासिक जनादेश हासिल किया था जबकि कांग्रेस महज 11 सीटों पर सिमट गयी थी । अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराना भाजपा के लिए एक बडी चुनौती है ।
इस संबंध में धामी ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों पर लोगों ने अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव के बाद वह मुख्यमंत्री बनेंगे, धामी ने कहा कि वह पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता हैं जिन्हें मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को चलाने का काम दिया गया है । उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी उर्जा और क्षमता से मुख्यमंत्री के रूप में अपना दायित्व निभाने का प्रयास किया ।
उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी ने उन्हें कहा है, उन्होंने हमेशा वही किया है और भविष्य में भी वह जो कहेगी, वह वही करेंगे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2022 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

