एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस के रात्रिभोज में शामिल होने पर पार्टी के तीन विधायकों से स्पष्टीकरण मांगेगी भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने यहां कांग्रेस द्वारा आयोजित एक रात्रिभोज में अपनी पार्टी के तीन विधायकों के भाग लेने को बृहस्पतिवार को ‘‘गंभीर विषय’’ बताया और कहा कि वह उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे।

देश की खबरें | कांग्रेस के रात्रिभोज में शामिल होने पर पार्टी के तीन विधायकों से स्पष्टीकरण मांगेगी भाजपा

बेलगावी (कर्नाटक), 14 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने यहां कांग्रेस द्वारा आयोजित एक रात्रिभोज में अपनी पार्टी के तीन विधायकों के भाग लेने को बृहस्पतिवार को ‘‘गंभीर विषय’’ बताया और कहा कि वह उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे।

कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक के बाद रात्रिभोज का आयोजन किया था।

इस मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा कि भाजपा विधायकों ने किसी बैठक में भाग नहीं लिया, बल्कि उनके निमंत्रण पर बुधवार रात केवल रात्रिभोज में भाग लिया।

इन तीन विधायकों में एस टी सोमशेखर और शिवराम हेब्बार तथा विधान परिषद सदस्य एच. विश्वनाथ शामिल हैं।

घटनाक्रम से इन अटकलों को बल मिला है कि प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके भाजपा के संबंधित तीनों विधायक 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर सकते हैं।

इस साल मई में भाजपा के विधानसभा चुनाव हारने के बाद से ही उन्होंने पार्टी और इसके आंतरिक मामलों से अपने मोहभंग की बात को नहीं छिपाया है।

ये तीनों नेता कांग्रेस और जद (एस) के उन 17 विधायकों में शामिल थे, जो 2019 में भाजपा में शामिल हो गए थे, जिसके कारण एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी और भाजपा के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ था। सोमशेखर और हेब्बार पिछली भाजपा सरकार में मंत्री थे।

सोमशेखर और हेब्बार कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गए थे। मूल रूप से कांग्रेस नेता विश्वनाथ जद (एस) में थे और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2019 में भाजपा का दामन थाना था।

विजयेंद्र ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे सुबह इस बारे में सूचना मिली। मैं उनसे आज ही बात करूंगा, मैं उनसे पूछूंगा कि उनके इरादे क्या हैं...यह गंभीर विषय है, मैं आज ही उनसे चर्चा करूंगा।’’

शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने अलग से एक रात्रिभोज का आयोजन किया था, जिसके लिए अन्य दलों के नेताओं को भी न्योता दिया गया था, इसलिए वे (सोमशेखर, हेब्बार), विश्वनाथ और अन्य समेत करीब 10 लोग आए थे।’’

यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘वे कांग्रेस विधायक दल की बैठक में क्यों आएंगे? वे हमारी पार्टी के विधायक नहीं हैं। वे विधायक दल की बैठक में नहीं आए थे, वे केवल रात्रिभोज के लिए आए थे।’’

विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि वह सोमशेखर से बात करेंगे, क्योंकि पिछले दो-तीन महीनों में विधायक के संबंध में कुछ जानकारी मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘सोमशेखर ने मुझे बताया कि उन्हें रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया गया था और वह वहां गए थे, इसलिए मुझे नहीं लगता कि उन्होंने किसी भी चीज का उल्लंघन किया है। मैं उनसे बात करूंगा।"

अशोक ने कहा कि उन्होंने कल सरकार के खिलाफ पार्टी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। सत्र के दौरान ऐसे कई निमंत्रण होंगे, इसलिए वह रात्रिभोज में गए होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, मैं उन्हें फोन करूंगा और उनसे बात करूंगा।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 14, 2023 07:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).