चंडीगढ़, 29 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी के दोबारा पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) से गठबंधन होने की संभावना नहीं है और पार्टी अकेले अगला चुनाव लड़ेगी।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं द्वारा मंगलवार को शिअद सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल को दी गई श्रद्धांजलि को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद मोदी चंडीगढ़ स्थित शिअद के कार्यालय में शोक प्रकट करने पहुंचे थे। उनके अलावा भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, वरिष्ठ नेता तरुण चुग और अन्य पदाधिकारी भी बृहस्पतिवार को मुक्तसर जाकर बादल को श्रद्धांजलि दी थी।
शर्मा ने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा, ‘‘भाजपा सभी चुनाव अकेले लड़ेगी और बहुमत हासिल करेगी। वह किसी भी कीमत पर शिअद से गठबंधन नहीं करेगी।’’
उन्होंने कहा कि मोदी द्वारा बादल के बारे में लिखे लेख और प्रधानमंत्री एवं भाजपा नेतृत्व द्वारा पंजाब आकर पूर्व मुख्यमंत्री को दी गई श्रद्धांजलि को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
शर्मा ने कहा, ‘‘यह कुछ नहीं, बस पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धांजलि थी।’’
उन्होंने शनिवार को कहा भाजपा को गांवों में भारी समर्थन मिल रहा है जिसकी वजह से वे खुश और स्तब्ध हैं।
शर्मा ने जोर देकर कहा कि वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव सहित आगामी चुनाव हम अकेले लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने समझ लिया है कि केवल भाजपा ही शांति और भाईचारा कायम कर पंजाब को समृद्ध बना सकती है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है।
पंजाब की ‘आम आदमी पार्टी’ (आप) सरकार को आड़े हाथ लेते हुए शर्मा ने कहा कि भगवंत मान नीत सरकार से समाज का हर वर्ग त्रस्त है और उसे सबक सिखाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY