देश की खबरें | पंजाब में भाजपा 65 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, पंजाब लोक कांग्रेस 37, शिअद (संयुक्त) 15 सीटों पर : नड्डा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 65 सीटों पर जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस 37 और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
नयी दिल्ली, 24 जनवरी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 65 सीटों पर जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस 37 और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को यह घोषणा की।
भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन किया है।
पंजाब की 117 विधानसभा सीट के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है।
नड्डा ने कहा, ‘‘पंजाब में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) गठबंधन हुआ है। इसके तहत भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर शिअद (संयुक्त) चुनाव लड़ेगी।’’
भाजपा ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी की इस सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया गया था।
अमरिंदर सिंह ने भी 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है। अमरिंदर खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)