देश की खबरें | भाजपा 1.63 लाख बूथ स्तर के कार्यालयों पर अपना स्थापना दिवस मनाएगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह अप्रैल यानी शनिवार को प्रदेश के सभी 1.63 लाख मतदान केंद्र स्तर (बूथ स्तर) के कार्यालयों पर अपना स्थापना दिवस मनाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने बृहस्पतिवार को हुई वर्चुअल बैठक में स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
लखनऊ, चार अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह अप्रैल यानी शनिवार को प्रदेश के सभी 1.63 लाख मतदान केंद्र स्तर (बूथ स्तर) के कार्यालयों पर अपना स्थापना दिवस मनाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने बृहस्पतिवार को हुई वर्चुअल बैठक में स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी और संयोजक तथा स्थापना दिवस समारोह के ज़िला संयोजक उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस कार्यक्रम आम चुनाव के बीच में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी को आम जनता के बीच जाकर फिर से मोदी जी की सरकार बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील करनी है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने कहा कि स्थापना दिवस का कार्यक्रम सभी बूथों पर मनाया जाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी भी अपने बूथ कार्यालय पर रहकर स्थापना दिवस कार्यक्रम मनायेंगे। इसके बाद बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाना है।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा निकालकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी और लोगों से घरों पर पार्टी का झंडा लगाने का अग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियों और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील से संबंधित पर्चे भी बांटे जाने हैं।
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि सभी बूथों पर कार्यक्रम की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
जफर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)