नयी दिल्ली, सात जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला बोला और दिल्ली सरकार के ''आउटकम बजट'' (परिणामी बजट) का हवाला देते हुए दावा किया कि उसकी बड़ी परियोजनाओं से संबंधित कोई भी वास्तविक काम नहीं हुआ है।
पार्टी ने कहा कि “आउटकम बजट” के तहत विधायकों को आवंटित विकास निधि से जुड़ी 4,470 परियोजनाओं में से केवल 418 ही इस साल पूरी हो पाई हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''केजरीवाल द्वारा घोषित बड़ी परियोजनाओं को लेकर धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा।'' उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने “रोजगार बजट” की घोषणा की थी, लेकिन उसके अपने “आउटकम बजट” के अनुसार अब तक इस पर कुछ नहीं किया गया है।
पात्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दावा किया था कि उनकी सरकार मोबाइल फोन में एक सुविधा शुरू करेगी, जिससे मुश्किल में फंसी महिलाएं महज एक बटन दबाकर पुलिस से संपर्क कर सकेंगी, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया, “पैसा धरातल पर काम करने के लिए नहीं बल्कि केजरीवाल के प्रचार के लिए खर्च किया जा रहा है। हल्ला तो बहुत करते हैं लेकिन काम कुछ नहीं करते।”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि डिजिटल कक्षाओं का वादा किया गया था, लेकिन इस दिशा में भी कुछ नहीं हुआ और ‘आउटकम बजट’ भी कहता है कि केवल 37 प्रतिशत छात्रों को स्कूल वर्दी सब्सिडी योजना से लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा, “सरकार ने बजट में वादा किया था कि बेघर बच्चों को आश्रय और शिक्षा प्रदान की जाएगी। आउटकम बजट में इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है और योजना के लिए दिशानिर्देशों को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY