देश की खबरें | भाजपा ने बिलासपुर में निकाली विशाल रैली, सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

बिलासपुर (हिप्र), 22 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने एक स्थानीय अदालत के बाहर उसके एक कार्यकर्ता को गोली मारे जाने की घटना के विरोध में शनिवार को यहां एक विशाल रैली निकाली।

एक पूर्व विधायक पर हमले में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को बिलासपुर स्थित एक अदालत परिसर में गोली मार दी गई।

मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने सौरभ पटियाल पर गोलियां चलाई थीं। पटियाल उन 13 लोगों में शामिल है, जो कांग्रेस नेता बम्बर ठाकुर पर कथित हमले को लेकर मुकदमे का सामना कर रहे हैं। बिलासपुर के पूर्व विधायक पर इस वर्ष 23 फरवरी को कथित तौर पर हमला हुआ था।

रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर माफिया, हत्यारों और मादक पदार्थ तस्करों को कथित तौर पर शरण देने का आरोप लगाया।

बिंदल ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में कानून-व्यवस्था हाथ से निकल गई है और सिरमौर, सोलन, कांगड़ा और नालागढ़ में अब तक 300 से अधिक हत्या और 2000 से अधिक नशीले पदार्थ के मामले सामने आए हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि स्थानीय अदालत में गोलियां चलाई जा रही हैं और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है और ऐसी परिस्थितियों में इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल के लोगों ने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा कुछ होगा।

उन्होंने कहा, "हमने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं सुनी हैं, लेकिन अब हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।"

ठाकुर ने कहा कि जब तक उचित जांच नहीं हो जाती और आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक भाजपा का आंदोलन नहीं रुकेगा।

ठाकुर ने कहा कि वे यहां शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर आरोपी कांग्रेस का झंडा लेकर रैली निकाल रहे हैं।

उन्होंने कहा, "इससे साफ पता चलता है कि गोलीबारी की घटना के आरोपियों को संरक्षण मिल रहा है। बम्बर ठाकुर और उनके बेटे का नाम सीधे तौर पर इस घटना से जुड़ा है, लेकिन प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है।"

उन्होंने कहा, "हमारे फोन की निगरानी की जा रही है, कांग्रेस के प्रत्येक विधायक को दो सुरक्षा गार्ड मिले हैं, मंत्रियों के घरों के बाहर छावनी बनाई गई है..."

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में धनबल का इस्तेमाल किया, लेकिन वह जीत नहीं सकी।

उन्होंने कहा, "आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि हमारे बिलासपुर विधायक ने पहले ही प्रशासन को इस घटना की जानकारी दे दी थी, लेकिन प्रशासन ने कुछ नहीं किया। इस घटना में प्रशासन की मिलीभगत साफ तौर पर दिख रही है।"

इस बीच बम्बर ठाकुर ने भी बिलासपुर से भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल के खिलाफ रैली निकाली। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने जम्वाल और भाजपा नेताओं पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)