देश की खबरें | भाजपा ने अन्नामलाई की फोटो पहनाकर बकरे की बलि वाले वीडियो की कड़ी निंदा की, कार्रवाई की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु ईकाई ने प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की फोटो पहनाकर सड़क पर एक बकरे का सिर सरेआम धड़ से अलग करने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
चेन्नई, छह जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु ईकाई ने प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की फोटो पहनाकर सड़क पर एक बकरे का सिर सरेआम धड़ से अलग करने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना संबंधी वीडियो के वायरल होने के बाद पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
अभी यह नहीं पता चल पाया है कि यह कथित घटना कहां हुई और वीडियो को किसने साझा किया। वीडियो की सत्यता का तुरंत पता नहीं चल पाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नामलाई ने कहा कि अगर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कार्यकर्ता उनसे नाराज हैं तो वे उन पर हमला कर सकते हैं।
भाजपा के तमिलनाडु के उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर यह वीडियो साझा कर इसकी कड़ी निंदा की।
तमिलनाडु भाजपा ने इसे अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर दोबारा साझा किया।
उन्होंने कहा, ''सड़क के बीच में एक बकरे को मार कर अन्नामलाई के खिलाफ नारे लगाना और लोकसभा चुनाव में उनकी हार का जश्न मनाना स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि राजनीतिक दल तमिलनाडु में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से डरे हुए हैं। यह कृत्य विपक्षी राजनीतिक दलों की राजनीति के निम्नतम स्तर को दिखाता है। ''
तिरुपति ने कहा, ''वीडियो में सुना जा सकता है कि छोटे बच्चों से अन्नामलाई के खिलाफ नारे लगवाए गए। बच्चों में नफरत और गुस्सा भड़काना बेहद निंदनीय है और ये विपक्ष की मूर्खतापूर्ण, गंदी राजनीति को उजागर करता है। हम इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इनकी गिरफ्तारी की उम्मीद करते हैं।''
कोयंबटूर में पत्रकारों से बात करते हुए अन्नामलाई ने कहा, ''यदि द्रमुक के कार्यकर्ता मुझसे इतने नाराज हैं तो मैं यहां कोयंबटूर में हूं... निर्दोष बकरे की जान को बख्शा जा सकता था।''
तमिलनाडु में 19 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ द्रमुक के नेतृत्व वाले गुट ने राज्य की सभी 39 सीटों के साथ-साथ एकमात्र पड़ोसी पुडुचेरी सीट पर भी जीत हासिल की।
तमिलनाडु में भाजपा नीत गठबंधन का नेतृत्व करने वाले अन्नामलाई कोयंबटूर सीट से द्रमुक के गणपति पी राजकुमार से हार गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2024 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

