नयी दिल्ली, नौ जून कांग्रेस ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देश भक्त बताने वाले बयान की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यह सुनिश्चित करें कि रावत को भारतीय जनता पार्टी से बाहर किया जाए।
पार्टी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने यह भी कहा कि अगर रावत को भाजपा से नहीं निकाला जाता है तो यह समझा जाएगा कि रावत के बयान को लेकर प्रधानमंत्री की रजामंदी है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "त्रिवेंद्र रावत द्वारा राष्ट्रपिता के हत्यारे को राष्ट्रभक्त कहना सिर्फ राष्ट्रपिता का अपमान नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का अपमान है।"
उनका कहना था कि भाजपा के कई और नेता भी पहले गोडसे का महिमामंडन कर चुके हैं।
वालिया ने कहा, "हम चाहते हैं कि भारतीय राजनीति में गोडसे का महिमामंडन हमेशा के लिए बंद होना चाहिए। त्रिवेंद्र रावत को भाजपा से बाहर निकाला जाना चाहिए। अगर मोदी जी ऐसा नहीं करते हैं तो इसका मतलब है कि बयान को लेकर उनकी सहमति है।"
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देश भक्त करार दिया और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मखौल उड़ाते हुए कहा था कि वह ‘केवल’ गांधी उपनाम साझा करते हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने बुधवार को बलिया स्थित पार्टी के जिला मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा "गांधी जी को मारा वो एक अलग मुद्दा है। जहां तक मैंने गोडसे को जाना और पढ़ा है, वह भी एक देशभक्त थे। गांधी जी की जो हत्या हुई , उससे हम सहमत नहीं हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY