नयी दिल्ली, 17 जुलाई पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुई कथित हिंसा की जांच के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच महिला सांसदों की एक जांच समिति गठित की है।
राज्यसभा की सदस्य सरोज पांडेय को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। रमा देवी, अपराजिता सारंगी, कविता पाटीदार और संध्या राय को इस समिति का सदस्य बनाया गया है।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव में महिलाओं पर हुए अत्याचार एवं व्यापक पैमाने पर हुई हिंसा की जांच के लिए पार्टी की महिला सांसदों की एक जांच समिति का गठन किया है।’’
बयान में कहा गया, ‘‘यह समिति पश्चिम बंगाल के हिंसाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेगी तथा विशेषकर हिंसा से प्रभावित महिलाओं से बातचीत करेगी। जांच समिति शीघ्र ही अपने रिपोर्ट भाजपा अध्यक्ष को सौंपेगी।’’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले दिनों दावा किया था कि आठ जून को राज्य में पंचायत चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद से चुनाव संबंधी हिंसा में 19 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के थे। पुलिस सूत्रों ने मरने वालों की संख्या 37 बताई है।
भाजपा ने पिछले दिनों पार्टी के ‘विधानसभा मार्च’ के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की अगुवाई में चार सदस्यीय तथ्यान्वेषी टीम गठित की थी। टीम के सदस्यों ने राज्य के विभिन्न हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया। टीम ने पुलिस कार्रवाई में घायल हुए और अस्पतालों में उपचार करा रहे पार्टी के कई कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
टीम के सदस्यों में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और सांसद मनोज तिवारी, सुनीता दुग्गल व विष्णु दयाल राम भी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY