देश की खबरें | आरक्षण खत्म करने की साजिश से सरकारी संपत्तियों बेच रही है भाजपा : अखिलेश यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने अम्बेडकरनगर, बस्ती और संत कबीर नगर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने अम्बेडकरनगर, बस्ती और संत कबीर नगर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह दलितों और पिछड़ों को सशक्त बनाने वाली आरक्षण की व्यवस्था को खत्म करने की साजिश के तहत काम कर रही है, पात्र वर्गों को आरक्षण न देना पड़े इसलिए वह तमाम सरकारी संपत्तियों को एक-एक कर बेच रही है।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि पांच साल के भाजपा राज में नौजवानों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ी है। इसलिए अब जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है भाजपा के लोग जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं।

उन्‍होंने दावा किया कि पांच चरणों में भाजपा को मतदाताओं ने नकार दिया और छठे चरण में आते आते भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने बताया कि भाजपा के लोगों ने अपने घरों और गाड़ियों से झंडे उतार लिए है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा गरीबों को ठगने के लिए और उनका वोट लेने के लिए मार्च तक मुफ्त राशन दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट लेने के बाद मुफ्त राशन बंद कर देगी।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार गरीबों को पांच साल तक मुफ्त राशन देगी और साथ में सरसों का तेल, पाउडर दूध और घी भी देगी। उन्होंने बताया कि सपा जो वादा करती है उसे पूरा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादे करती है, जुमलेबाजी करती है और भाजपा पिछड़ों, दलितों का हक छीनने का काम करती है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी गरीबों, किसानों, नौजवानों, बुनकरों की मदद करने के लिए सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपए दिए जाएंगे और एम्बुलेंस सेवा दोगुनी होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी को न्याय, सम्मान और अवसर देगी तथा रोजगार सेवक, बीपीएड, बीएड, टेट वालों को समाजवादी सरकार में ही नौकरी मिलेगी।

अखिलेश ने सभी अम्बेडकरवादियों और समाजवादी लोगों से एकजुट होकर चुनाव में भाजपा की शिकस्त और समाजवादी गठबंधन की बहुमत से जीत के लिए काम करने को कहा।

आनन्द सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\