देश की खबरें | भाजपा ने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की; सौन्दर्यराजन, अन्नामलाई, मुरुगन के नाम शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व राज्यपाल तमिलसाई सौन्दर्यराजन, पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन सहित राज्य से नौ उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
नयी दिल्ली, 21 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व राज्यपाल तमिलसाई सौन्दर्यराजन, पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन सहित राज्य से नौ उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
सूची के मुताबिक, सौन्दर्यराजन चेन्नई दक्षिण से चुनाव लड़ेंगी जबकि मुरुगन नीलगिरी से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। अन्नामलाई को कोयम्बटूर लोकसभा सीट से टिकट दिया गया है।
पार्टी ने मध्य चेन्नई सीट से वी. पी. सेलवम, वेलोर से ए. सी. षणमुगम, कृष्णागिरी से सी. नरसिम्हन, पेराम्बलूर से टी. आर. पारिवेंदर और तूतीकोरिन (तूतुकुड़ी) से एन. नागेन्द्रन को उम्मीदवार बनाया गया है।
राज्यपाल के पद से त्यागपत्र देने के एक दिन बाद सौंदर्यराजन बुधवार को भाजपा में शामिल हुई थीं। उन्होंने 2019 में भाजपा से इस्तीफा देकर तेलंगाना के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्हें 2021 में पुडुचेरी की उप राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
सौंदर्यराजन (62) स्त्रीरोग विशेषज्ञ हैं और दो दशक से भी पहले भाजपा में शामिल हुई थीं।
इससे पहले, भाजपा ने दो मार्च को 195 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, लेकिन इनमें से दो- भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह और उत्तर प्रदेश के उपेंद्र रावत ने विवाद पैदा होने के बाद अपने नाम वापस ले लिये थे।
इसके बाद, भाजपा ने 13 मार्च को 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इस प्रकार पार्टी ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अब तक 274 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान संपन्न होगा। मतगणना चार जून को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 21, 2024 07:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

