देश की खबरें | भाजपा ने विधान परिषद के छह और उम्‍मीदवारों की सूची जारी की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 16 जनवरी उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को छह उम्‍मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसके पहले शुक्रवार को पार्टी ने चार उम्‍मीदवारों के नाम घोषित किये थे।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी उम्‍मीदवारों की सूची शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने मीडिया से साझा की। सूची के मुताबिक कुंवर मानवेंद्र सिंह, गोविंद नारायण शुक्‍ल, सलिल विश्‍नोई, अश्‍वनी त्‍यागी, डॉक्‍टर धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी विधान परिषद के उम्‍मीदवार घोषित किये गये हैं।

दूसरी सूची के घोषित उम्‍मीदवारों में कुंवर मानवेंद्र सिंह विधान परिषद के पूर्व सभापति हैं जबकि गोविंद नारायण शुक्‍ल और अश्‍वनी त्‍यागी भाजपा प्रदेश महासचिव, सलिल विश्‍नोई भाजपा के प्रदेश उपाध्‍ययक्ष और डॉक्‍टर धर्मवीर प्रजापति माटी कला बोर्ड के अध्‍यक्ष हैं। सुरेंद्र चौधरी भाजपा के नेता हैं।

इसके पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह, उप मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर दिनेश शर्मा, प्रदेश उपाध्‍यक्ष लक्ष्‍मण आचार्य और पूर्व नौकरशाह अरविंद कुमार शर्मा का नाम घोषित किया गया था।

संख्‍या के बल के आधार पर भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद की अधिकतम दस सीटें जीत सकती हैं और दो चरणों में भाजपा ने अपने दस उम्‍मीदवारों के नाम घोषित कर दिये हैं।

उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की 100 सीटों में से 12 सीटों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 11 जनवरी से शुरू हुई और नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 18 जनवरी, सोमवार है।

समाजवादी पार्टी ने दो सीटों के लिए विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को अपना उम्‍मीदवार बनाया है जो अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं।

बहुजन समाज पार्टी के नेताओं का कहना है कि '' बहन जी (मायावती) ही इस मामले में फैसला करेंगी।''

हालांकि उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू पहले ही कह चुके हैं, ''कांग्रेस इस चुनाव में कोई उम्‍मीदवार नहीं उतारेगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)