देश की खबरें | लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद भाजपा का महाराष्ट्र नेतृत्व में बदलाव करने से इनकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हालिया लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश भाजपा नेतृत्व में किसी भी बदलाव की संभावना से मंगलवार को इनकार कर दिया।
नयी दिल्ली, 18 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हालिया लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश भाजपा नेतृत्व में किसी भी बदलाव की संभावना से मंगलवार को इनकार कर दिया।
पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ महाराष्ट्र भाजपा के कोर समूह की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ''महाराष्ट्र में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा।"
बैठक में प्रदेश भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, पंकजा मुंडे और विनोद तावड़े समेत अन्य नेता शामिल हुए।
भाजपा ने हालिया लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में नौ सीटें जीतीं, जो 2019 की 23 सीटों से कम है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सितंबर-अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए शिवसेना-भाजपा-राकांपा की महायुति सरकार से इस्तीफा देने और संगठन पर ध्यान केंद्रित करने की पेशकश की थी।
भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बारे में संवाददाताओं से फडणवीस ने कहा कि नेताओं ने लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन पर चर्चा की और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रूपरेखा तैयार की।
फडणवीस ने कहा कि भाजपा नेता गठबंधन सहयोगी शिवसेना और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी बात करेंगे।
उन्होंने कहा, "बैठक में महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के परिणाम पर विस्तार से चर्चा हुई। महायुति और महा विकास आघाडी (एमवीए) के मत में प्वाइंट तीन प्रतिशत का अंतर था। क्या कमी रही, इस पर विस्तार से चर्चा हुई।"
फडणवीस ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की क्या रणनीति होनी चाहिए, इसकी रुपरेखा पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, "राजग के सहयोगी दलों से चर्चा करेंगे कि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए रणनीति क्या होनी चाहिए।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)