हैदराबाद, नौ जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को यहां दक्षिणी और कुछ अन्य राज्यों के वरिष्ठ पार्टी नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
हैदराबाद में भाजपा के तेलंगाना मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय सलाहकार बैठक में पार्टी महासचिव बी एल संतोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पार्टी के सांसदों और विधायकों तथा राज्य इकाइयों के अध्यक्ष सहित अन्य लोग शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की तेलंगाना इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, ‘‘जे पी नड्डा जी आज हैदराबाद में भाजपा की 12 राज्यों की इकाइयों के अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे।’’
इससे पहले, रेड्डी ने यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पर नड्डा के आगमन पर उनका स्वागत किया था।
रेड्डी ने हाल ही में कहा था कि दक्षिणी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने के लिए एक कार्य योजना पर दिनभर की बैठक में चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा था कि बैठक में इस साल के अंत में तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी बात की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY