देश की खबरें | विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा पर्यवेक्षक जयपुर पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक पार्टी विधायक दल की अहम बैठक के लिए मंगलवार को राज्य भाजपा कार्यालय पहुंचे।
जयपुर, 12 दिसंबर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक पार्टी विधायक दल की अहम बैठक के लिए मंगलवार को राज्य भाजपा कार्यालय पहुंचे।
विधायक दल की बैठक में राज्य के अगले मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा।
इससे पहले केंन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रहलाद जोशी और दो सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडे के साथ एक विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। हवाई अड्डे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनका स्वागत किया।
ये सभी सीधे हवाई अड्डे के पास एक होटल में गए। उसके बाद राजनाथ सिंह, वसुंधरा राजे और सीपी जोशी एक ही वाहन में सवार होकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे। राज्य के अगले मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से चुनने के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक चार बजे पार्टी कार्यालय में होगी।
बैठक के लिए नवनिर्वाचित विधायक पहले ही पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
राजस्थान उन तीन राज्यों में से एक है जहां भाजपा ने हाल के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर पार्टी नेताओं ने कहा कि आलाकमान का फैसला सभी को स्वीकार्य होगा।
हाल के दिनों में कई भाजपा विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री राजे से मुलाकात की है; जिसे राजे के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किये गए थे। भाजपा 115 सीट जीत कर बहुमत हासिल करने में कामयाब रही। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)