ताजा खबरें | भाजपा कभी लोगों का विश्वास नहीं तोड़ती और अपने वादे पूरे करती है : राजनाथ सिंह
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा कभी लोगों का विश्वास नहीं तोड़ती है और अपने वादे पूरे करती है।
जौनपुर/ चंदौली (उप्र), चार मार्च रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा कभी लोगों का विश्वास नहीं तोड़ती है और अपने वादे पूरे करती है।
जौनपुर के मल्हनी और चंदौली के चकिया विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पिछले 35-40 साल से किसी एक पार्टी की लगातार दो बार सरकार नहीं बनी है, मगर इस बार भाजपा की सरकार लगातार दूसरी बार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा, '' इसलिए मैं कहता हूं कि आप लोग ऐतिहासिक निर्णय ले रहे हैं।''
सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा 2022 के चुनाव में उतनी ही सीटें जीतेगी जितनी 2017 के चुनाव में जीती थी। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों ने 325 सीटों पर जीत हासिल की थी।
रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, ''आप लोग प्रत्यक्ष इस बात के साक्षी हैं कि दो साल के कोरोना संकट में सारे कामकाज ठप थे लेकिन इस संकट के बावजूद जिस तेजी के साथ उत्तर प्रदेश का विकास हुआ, विरोधी भले ही उसकी प्रशंसा न करें लेकिन हिंदुस्तान के दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग आज उत्तर प्रदेश की प्रशंसा कर रहे हैं।''
विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ''क्या हो गया सपा, बसपा और कांग्रेस के लोगों को, ये समझते हैं कि राजनीति केवल झूठ बोलकर लोगों की आंखों में धूल झोंक कर की जा सकती है, मगर मैं साफ कर देना चाहता हूं कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जाती है, बल्कि राजनीति समाज और देश बनाने के लिए की जाती है।''
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए सिंह ने कहा, ''सच्चा समाजवादी वही है जो आम जनता को भय, भूख और भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाए। इस पैमाने पर अगर माप कर देखेंगे तो इस नतीजे पर पहुंचेंगे कि सचमुच समाजवाद की परि के अनुरूप काम करने वाली कोई पार्टी देश में है तो उस पार्टी का नाम भारतीय जनता पार्टी है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2022 09:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

