देश की खबरें | भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा दिल्ली में अपने घर पर मृत मिले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा के सांसद राम स्वरूप शर्मा का शव बुधवार को उनके नयी दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर छत के पंखे से लटका मिला।
नयी दिल्ली/ शिमला, 17 मार्च हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा के सांसद राम स्वरूप शर्मा का शव बुधवार को उनके नयी दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर छत के पंखे से लटका मिला।
दिल्ली पुलिस के जनसम्पर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि शर्मा का शव उनके घर पर, छत के पंखे से लटका मिला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शर्मा (62) को कई बीमारियां भी थी।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। मौके से कोई ‘सुसाइड नोट’ बरामद नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा।
लोकसभा में बुधवार को राम स्वरूप शर्मा को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की बैठक दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। मौजूदा लोकसभा में वह विदेश मामले संबंधी स्थायी समिति के सदस्य थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री राम स्वरूप शर्मा एक समर्पित नेता थे जो हमेशा लोगों की समस्याएं हल करने के लिए प्रतिबद्ध रहते थे। उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए अथक काम किया। उनके असामयिक निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’
भाजपा ने शर्मा के निधन के बाद अपनी संसदीय दल की बैठक भी रद्द कर दी थी और उस ‘‘प्रख्यात’’ व्यक्ति के पार्टी में शामिल होने के समारोह को भी रद्द कर दिया था, जिसका नाम अभी घोषित नहीं किया गया है।
शर्मा का जन्म 10 जून 1958 में मंडी जिले के जल्पेहर गांव में हुआ था। शर्मा 2014 और 2019 में मंडी संसदीय क्षेत्र से क्रमशः 16वीं और 17वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पौने आठ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में उनके एक सहयोगी ने फोन किया था। कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी सांसद के बाहर ना आने पर उसने पुलिस को फोन किया था।
इसके बाद, पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और बलपूर्वक दरवाजा खोला गया, तो शर्मा का शव छत के पंखे से लटका मिला।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)