देश की खबरें | हरियाणा के भाजपा विधायक एवं अन्य ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने कुछ अन्य लोगों के साथ भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ ली और इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर ‘‘बलिदान देने या लेने’’ की बात कही।
अंबाला (हरियाणा), दो मई हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने कुछ अन्य लोगों के साथ भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ ली और इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर ‘‘बलिदान देने या लेने’’ की बात कही।
जिस कार्यक्रम में विधायक ने यह शपथ ली, उसका कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। रविवार को कार्यक्रम हुआ था।
अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल और अन्य को वीडियो में कहते सुना जा सकता है, ‘‘हम हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ लेते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आवश्यकता पड़ी तो हम बलिदान देंगे या आवश्यकता पड़ी तो लेंगे। लेकिन हम देश को किसी भी कीमत पर हिंदू राष्ट्र घोषित करेंगे। हमारे पूर्वज और ईश्वर हमें हमारा लक्ष्य पाने की शक्ति दें।’’
इस मौके पर हिंदू राष्ट्र के समर्थन में नारे भी लगाये गये और विधायक को अन्य लोगों के साथ दोनों हाथ ऊपर करके नारे लगाते देखा गया।
इस बारे में पूछने के लिए संपर्क किये जाने पर गोयल ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में अन्य लोगों के साथ शपथ हिंदू होने के नाते ली है, ना कि भाजपा विधायक होने के नाते। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हिंदू होने पर गर्व है।’’
गोयल ने इस कार्यक्रम में समान नागरिक संहिता पर एक गोष्ठी में भी भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)