देश की खबरें | भाजपा ने असम में जारी सदस्यता अभियान के दौरान 50 लाख लोगों को सदस्य बनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बी एल संतोष ने कहा कि पार्टी ने असम में चल रहे अपने सदस्यता अभियान के तहत अब तक 50 लाख लोगों को सदस्य बनाया है।
गुवाहाटी, 27 सितंबर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बी एल संतोष ने कहा कि पार्टी ने असम में चल रहे अपने सदस्यता अभियान के तहत अब तक 50 लाख लोगों को सदस्य बनाया है।
इस प्रकार असम भाजपा के राष्ट्रव्यापी 'सदस्यता अभियान 2024' में 50 लाख सदस्यता का आंकड़ा पार करने वाला चौथा राज्य बन गया है। इससे पहले भाजपा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात में ऐसा कर चुकी है। पार्टी का सदस्यता अभियान इस महीने की शुरुआत में शुरू किया गया था।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संतोष ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और राज्य अध्यक्ष भावेश कालिता के नेतृत्व में असम भाजपा की टीम ने भाजपा के जारी सदस्यता अभियान 2024 में 50 लाख सदस्यों को नामांकित किया है।"
पार्टी नेताओं ने बताया कि पार्टी की अपनी वार्षिक सदस्यता का नवीनीकरण कराने वाले लोग भी इन 50 लाख सदस्यों में शामिल हैं। पिछले साल इसी तरह के अभियान के दौरान कुल 18 लाख लोगों को पार्टी में शामिल किया गया था।
संतोष ने कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात के बाद असम 50 लाख सदस्यता का आंकड़ा पार करने वाला चौथा राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पार्टी के वरिष्ठ नेता की पोस्ट को साझा की और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की।
उन्होंने कहा, "माननीय बीएल संतोष जी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। यह हमारे कार्यकर्ताओं के अटूट समर्पण के कारण ही संभव हो पाया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2024 05:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

