देश की खबरें | भाजपा नेताओं ने दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय में तोड़फोड़ की: ‘आप’ नेता भारद्वाज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर जल संकट को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय में तोड़फोड़ करने का रविवार को आरोप लगाया।
नयी दिल्ली, 16 जून राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर जल संकट को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के बीच दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय में तोड़फोड़ करने का रविवार को आरोप लगाया।
भारद्वाज ने इसे सरकार के खिलाफ एक ‘‘साजिश’’ करार देते हुए एक वीडियो साझा किया। वीडियो में कुछ लोग एक कार्यालय पर पथराव और मटके फेंककर उसकी खिड़कियां तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देखिए भाजपा के पटके पहने नेता और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते कार्यकर्ता, दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय में सरकारी संपत्ति को तोड़ते हुए। जगह-जगह पानी की पाइपलाइन कौन तुड़वा रहा है? किसका षड्यंत्र है?’’
इससे पहले दिन में भाजपा नेताओं ने जल संकट को लेकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ‘आप’ सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
‘आप’ सरकार भाजपा शासित हरियाणा पर दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगा रही है।
कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी में पानी की भारी किल्लत के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)